Home Baat Pate Ki Kaam Ke Yantra Rotavator Top 5 Rotavators Of India What Are Their Benefits Things Should Be Kept In Mind Before Buying

रोटावेटर : भारत के टॉप-5 रोटावेटर, आइए जानें इसके फायदे, खरीदने से पहले इन बातों का जरूर रखें ध्यान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 29 Jan 2024 07:03 PM IST
सार

आज हम आपको टॉप-5 रोटावेटर्स के बारे में बताएंगे। हम आपको यह भी बताएंगे कि ये रोटावेटर खेती-बाड़ी में कैसे आपके लिए फायदेमंद हो सकते हैं और इनको खरीदने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।  

रोटावेटर ट्रैक्टर के साथ कार्य करने वाला यंत्र है, जिसका उपयोग बुवाई के समय होता है।
रोटावेटर ट्रैक्टर के साथ कार्य करने वाला यंत्र है, जिसका उपयोग बुवाई के समय होता है। - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खेती-बाड़ी में मशीनीकरण से कृषि कार्यों को करना आसान हो गया है, उत्पादन में काफी सुधार हुआ है और लागत में भी काफी कमी आई है। खेती में उपयोग होने वाले विभिन्न कृषि यंत्रों में एक नाम रोटावेटर का है, जिसे ट्रैक्टर के साथ जोड़कर चलाया जाता है। फसल की बुवाई से पहले खेत को तैयार करने में रोटावेटर का उपयोग होता है। इसका उपयोग खेत में बीज की बुवाई के लिए किया जाता है। खेत से फसलों के अवशेष हटाने में भी यह मददगार है। इससे मिट्टी में बीजों तक उर्वरक आसानी से पहुंच जाता है। जुताई के लिए भी इसका उपयोग किया जाता है। इसकी मदद से किसान 125 मिमी-1500 मिमी की गहराई तक खेत की जुताई कर सकते हैं। 

रोटावेटर से किसानों को फायदा
किसानों का समय बचता है और लागत भी कम आती है. रोटावेटर अन्य जुताई के यंत्रों की अपेक्षा कम समय में काम पूरा कर लेता है. रोटावेटर अन्य कृषि यंत्रों की अपेक्षा 15 से 35 प्रतिशत तक ईंधन की बचत करता है. यह मिट्टी को तुरंत तैयार कर देता है जिससे पिछली फसल की मिट्टी की नमी का फिर से उपयोग हो सकता है. रोटावेटर की सबसे खास बात ये भी है कि इसे किसी भी तरह की मिट्टी में चलाया जा सकता है, चाहे मिट्टी दोमट, चिकनी, बलुई, बलुई दोमट, चिकनी दोमट आदि क्यों न हो.

खेती की लागत कम, लाभ अधिक 
रोटावेटर से खेत तैयार करने से मिट्टी में मौजूद कचरा, डंठल, खरपतवार आदि कटकर मिट्टी में मिल जाते हैं। इससे मिट्टी में कार्बन की मात्रा में वृद्धि होती है, जो फसलों के लिए अच्छा माना जाता है। इसके उपयोग से खेत की अच्छी तैयारी होती है, जिससे जड़ के हिस्से में पर्याप्त हवा प्रवाह बना रहता है और फसलों में कल्ले अधिक फूटते हैं। ऐसे में, पैदावार भी ज्यादा होती है। रोटावेटर के उपयोग से मिट्टी उपजाऊ और स्वस्थ रहती है और खेती में लागत भी कम आती है। 

रोटावेटर के प्रकार और कीमत 
रोटावेटर का उपयोग नकदी फसलों के लिए अधिक उपयुक्त माना जाता है। इन्हें तीन श्रेणियों में बांटा गया है- हल्का, मानक और हेवी-ड्यूटी। रोटावेटर की कीमत इसकी तकनीक और अलग-अलग मॉडल्स पर निर्भर करती है। भारतीय बाजारों में ट्रैक्टर रोटावेटर की कीमत करीब 15000 रुपये से शुरू होती है, जो 2 लाख रुपये तक जा सकती है। रोटावेटर खरीदने से पहले अपनी जरूरत का आकलन जरूर कर लें और इसके बारे में पूरी पड़ताल अवश्य कर लें। अपने नजदीकी डीलर से आप इसके उपयोग और मूल्य के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 

ऐसे करें रोटावेटर खरीदने का निर्णय
सबसे पहल यह सुनिश्चित करें कि जो रोटावेटर आप लेने जा रहे हैं, वह ट्रैक्टर एचपी के साथ मेल खाता है। अगर ये दोनों चीजें आपस में मेल नहीं खाती हैं, तो उपकरण को उपयोग में लाना बहुत मुश्किल हो जाएगा। किसानों को उनके खेत के आकार और फसल के प्रकार पर विचार करने के बाद ही रोटावेटर खरीदने का निर्णय लेना चाहिए। 
किसानों को अपना एक बजट निर्धारित करना चाहिए और रोटावेटर की कीमत के बारे में नजदीकी डीलर्स से पूछताछ करनी चाहिए। ये जानकारियां कंपनियों की वेबसाइट्स पर भी मिल सकती हैं। ऐसा मॉडल खरीदें जो आपके बजट के हिसाब से सही हो। खरीदने से पहले दूसरे यूजर्स की समीक्षाएं पढ़ें और समझें कि उनकी आवश्यकताओं के अनुसार, कौन-सा मॉडल सबसे उपयुक्त है।

वैसे तो बाजार में कई कंपनियों के रोटावेटर मिलते है। यहां हम आपको भारत में प्रचलित पांच प्रमुख रोटावेटर्स के बारे में बता रहे हैं। 

1. महिंद्रा जायरोवेटर ZLX 145 (Mahindra Gyrovator ZLX 145)
कृषि यंत्र बनाने के मामले में महिंद्रा एक अग्रणी कंपनी है। महिंद्रा जायरोवेटर ZLX 145 रोटावेटर की कीमत करीब 90 हजार रुपये से शुरू होती है। यह रोटावेटर मल्टी स्पीड ड्राइव से लैस है। महिंद्रा ZLX जायरोवेटर मल्टी स्पीड ड्राइव से लैस है और यह रोटर स्पीड अनुपात की व्यापक रेंज प्रदान करता है। रोटर की गति आवश्यक झुकाव और उपलब्ध मिट्टी के अनुसार भिन्न हो सकती है। इसकी अन्य विशेषताओं में मल्टी डेप्थ एडजस्टमेंट, डुओ कोन मैकेनिकल वॉटरटाइट सील शामिल हैं। आप इसे महिंद्रा की आधिकारिक वेबसाइट  पर जाकर खरीद सकते हैं और यहां से अधिक जानकारी भी प्राप्त कर सकते है। 

2. न्यू हॉलैंड रोटावेटर RE 185 (New Holland Rotavator RE 185)  
न्यू हॉलैंड रोटावेटर खेत में अच्छा प्रदर्शन करता है, जो इसे खेती के लिए आदर्श बनाता है। अधिक पावर की जरूरत वाले कार्यों के लिए यह 45-50 एचपी क्षमता में उपलब्ध है। यह न्यू हॉलैंड ब्रांड का उपकरण है, जो अपनी उच्च गुणवत्ता वाले फीचर्स के लिए जाना जाता है। इसमें 4 स्पीड गियरबॉक्स हैं, जो सभी तरह के कचरे को चूर्ण में बदल सकते हैं। डुओ-ईऑन वॉटरप्रूफ सील इसे टिकाऊ और पोखर जैसी स्थिति के अनुकूल बनाती है। कम डीजल उपयोग और बेहतर दक्षता के अलावा यह रोटावेटर एक वर्ष की गारंटी के साथ आता है। इसके बारे में अधिक जानकारी कंपनी के वेबसाइट पर मिल सकती है। 

3. शक्तिमान रेगुलर लाइट (Shaktimaan Regular Light)
भारतीय किसानों द्वारा शक्तिमान रोटावेटर का उपयोग खूब होता है। इसका इस्तेमाल विशेष रूप से आर्द्रभूमि और हल्की व मध्यम मिट्टी में किया जाता है। भारत में 48 ब्लेड वाले एक शक्तिमान रेगुलर लाइट रोटावेटर की कीमत लगभग एक लाख रुपये है। इसके अलावा, भारतीय बाजारों में शक्तिमान कंपनी के कई प्रकार के रोटावेटर चलन में हैं। इनमें रेगुलर लाइट, चैम्पियन सीरीज, यू-सीरीज, सेमी चैम्पियन प्लस, रेगुलर सीजन एसआरटी आदि मॉडल्स शामिल हैं। आप इन सबके बारे में अधिक जानकारी कंपनी की वेबसाइट पर जाकर ले सकते हैं। 

4. मास्कीओ गैस्पर्डो रोटावेटर (Mascio Gaspardo Rotavator)
मास्कीओ गैस्पर्डो कंपनी के लगभग 40 प्रकार के रोटावेटर भारतीय बाजारों में मिलते हैं। इसमें विराट प्रो, विराट प्रो एचसी 185, विराट जे. 175, विराट प्रो 125, विरोट प्लस 145, विराट रेगुलर 185 आदि मॉडल्स शामिल हैं। इसके बारे में आधिकारिक वेबसाइट पर अधिक जानकारी भी प्राप्त कर सकते है। 

5. सोनालिका मल्टी स्पीड सीरीज (Sonalika Multi Speed Series)
भारत में सोनालिका के कई रोटावेटर मॉडल्स मिलते हैं। इसमें मिनी स्मार्ट सीरीज चेन ड्राइव, चैलेंजर सीरीज, मिनी स्मार्ट सीरीज गियर ड्राइव, स्मार्ट सीरीज, सींगल स्पीड सीरीज आदि मॉडल्स शामिल हैं। भारतीय किसानों में सोनालिका एक भरोसेमंद ब्रांड है। भारत में Sonalika Multi Speed Series की कीमत 1.11 लाख रुपये से शुरू होती है। अगर आप भी सोनालिका का रोटावेटर खरीदना चाहते हैं तो आप इसकी वेबसाइट पर जाकर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।